सोनिया से मिले भाजपा के तीन मंत्री
संवाददाता/in24 न्यूज़.
राजनीति में जीत हार चलती रहती है. जिस तरह भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त दी उसके बाद दोनों के रिश्ते किस क़दर तल्खियों की भेंट चढ़े उसे देश ने बखूबी देख, सुना और महसूस किया. गौरतलब है कि बावजूद इसके कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गाँधी से मिलने भाजपा के तीन मंत्रियों ने मुलाक़ात की.
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और कृषि व किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को कांग्रेस संसदीय दल प्रमुख सोनिया गांधी से मुलाकात की और माना जा रहा है कि उन्होंने 17 जून से आरंभ हो रहे संसदीय सत्र पर चर्चा की। 17वीं लोकसभा का पहला सत्र 26 जुलाई को समाप्त होगा और बजट पांच जुलाई को पेश होगा। सूत्रों ने बताया कि जोशी का सोनिया गांधी के आवास पर जाना विपक्ष से तालमेल बैठाने की सरकार की कवायद का हिस्सा है। यह बैठक करीब 15 मिनट चली। जोशी ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और लोकसभा में द्रमुक के नेता टी आर बालू से भी मुलाकात की। सरकार बजट पेश करने के अलावा तीन तलाक पर प्रतिबंध समेत 10 नए अध्यादेशों को कानून में बदलने की योजना भी बना रही है। पहले दो दिन नए सांसद शपथ ग्रहण करेंगे।