बिना किसी से गठबंधन किये अकेले चुनाव लड़ेगी बसपा : मायावती

 09 Mar 2024  835

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
इंडिया गठबंधन से बिना कोई नाता रखे एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो  मायावती ने कहा कि बसपा अपने दम पर अकेले चुनाव लड़ेगी। सुश्री मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में कहा कि बसपा के संबंध में गठबंधन को लेकर गलतफहमी और गलत जानकारियां फैलाई जा रही है। उन्होंने आम जनता से इस संबंध में सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी का अकेले चुनाव लड़ने का फैसला अटल है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के हित में बसपा का अकेले चुनाव लड़ने का फैसला अटल है।बसपा देश में लोकसभा का आम चुनाव अकेले अपने बलबूते पर पूरी तैयारी और दमदारी के साथ लड़ रही है। ऐसे में चुनावी गठबंधन या तीसरा मोर्चा आदि बनाने की अफवाह फैलाना यह घोर फर्जी एवं गलत खबर है। मीडिया को ऐसी शरारतपूर्ण खबरें देकर अपनी विश्वसनीयता नहीं खोनी चाहिए। बसपा प्रमुख ने कहा कि ख़ासकर उत्तर प्रदेश में बसपा के काफी मज़बूती के साथ अकेले चुनाव लड़ने के कारण विरोधी लोग काफी बैचेन लगते हैं। इसीलिए ये आए दिन किस्म-किस्म की अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते रहते हैं। किन्तु बहुजन समाज के हित में बसपा का अकेले चुनाव लड़ने का फैसला अटल है। बता दें कि कई अन्य पार्टियां भी इंडिया गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ने में जुट गई हैं।