आज बतौर बीजेपी अध्यक्ष नड्डा की होगी ताजपोशी

 20 Jan 2020  644

संवाददाता/in24 न्यूज़. 

भारतीय जनता पार्टी को आज एक नया अध्यक्ष मिलने वाला है और इसी कड़ी में जेपी नड्डा की ताजपोशी की जाएगी. गौरतलब है कि भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के इस पद पर निर्विरोध निर्वाचित होने की उम्मीद है। राज्यों से भाजपा के नेताओं सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं के नड्डा के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचने की उम्मीद है। नड्डा भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय से प्रधानमंत्री मोदी और शाह की पसंद के तौर पर देखे जा रहे हैं। नड्डा ने राजनीति में शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। संगठन में उनका दशकों पुराना अनुभव, आरएसएस से उनकी नजदीकी और स्वच्छ छवि उनकी ताकत है। शाह ने रविवार शाम में कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्य के मुख्यमंत्रियों सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बैठक की। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई कि बैठक में क्या चर्चा हुई, सूत्रों ने कहा कि पार्टी नेताओं ने चुनावी कवायद के बारे में विस्तार से चर्चा की। भाजपा के वरिष्ठ नेता राधामोहन सिंह पार्टी के संगठन चुनाव प्रक्रिया के प्रभारी हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन पत्र 20 जनवरी को दाखिल किये जाएंगे और जरूरी होने पर अगले दिन चुनाव होगा। भाजपा में अध्यक्ष आम सहमति से और बिना किसी मुकाबले के चुने जाने की परंपरा रही है और इसकी कम ही संभावना है कि इस बार भी उस परंपरा से कुछ अलग हटकर होगा। नये अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही पार्टी के वर्तमान अध्यक्ष अमित शाह का साढ़े पांच वर्ष से अधिक का कार्यकाल भी समाप्त हो जाएगा जिस दौरान भाजपा ने देशभर में अपने आधार का विस्तार किया। शाह का कार्यकाल भाजपा के लिये चुनावों के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ काल था, हालांकि पार्टी को कुछ राज्य विधानसभा चुनावों में झटके भी लगे। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में शाह के गृहमंत्री बनने के बाद भाजपा ने उनका उत्तराधिकारी चुनने की कवायद शुरू कर दी थी क्योंकि पार्टी में एक व्यक्ति, एक पद' की परंपरा रही है। नड्डा को गत वर्ष जुलाई में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। यह इस बात का संकेत था कि हिमाचल प्रदेश से भाजपा के नेता संगठन के शीर्ष पद के लिए संभावित पसंद हैं।