जल्द बदलेगा दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष का चेहरा

 18 Mar 2020  648

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
भारतीय जनता पार्टी का दिल्ली अध्यक्ष अब मनोज तिवारी की जगह दूसरा चेहरा लेने वाला है. बता दें कि दिल्ली भाजपा को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल सकता है, जिसकी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री मुरलीधर राव और भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजया राहटकर ने दिल्ली के नेताओं के साथ बैठक करके उनसे सुझाव भी लिए। बता दें कि मनोज तिवारी का कार्यकाल दिसंबर महीने में ही पूरा हो गया है, लेकिन लोकसभा चुनाव के वक़्त प्रदेश नेतृत्व में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया था। जिसके बाद विधानसभा चुनाव की वजह से दिल्ली में पार्टी का संगठनात्मक चुनाव स्थगित कर दिया गया था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से ही प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष की दौड़ में मनोज तिवारी के साथ ही राज्यसभा सदस्य विजय गोयल, पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा, पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर, मिजोरम के प्रभारी पवन शर्मा, विधायक विजेंद्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, तीनों प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल, राजेश भाटिया, रविंद्र गुप्ता व भाजपा नेता आशीष सूद शामिल हैं।