बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को मिली जान से मारने की धमकी
संवाददाता/in24 न्यूज़।
एनसीपी के पूर्व नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई है कि अब उनके बेटे जीशान सिद्दीकी को फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भेजने वालों ने जीशान सिद्दीकी से 10 करोड़ रुपए की मांग की है। जीशान सिद्दीकी को अब तक तीन अलग-अलग मेल भेजे जा चुके हैं, जिसमें मेल भेजने वाले ने डी कंपनी का जिक्र किया है। ईमेल भेजने वाले ने आगे कहा कि वह हर छह घंटे में ऐसे ईमेल भेजेगा.मेल में यह भी लिखा है कि जो हाल बाबा सिद्दीकी का हुआ, वही तुम्हारा भी होगा। इसके अलावा मेल में यह भी कहा गया है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या में लॉरेंस बिश्नोई का नाम जोड़ा गया, जो गलत है।
जीशान सिद्दीकी ने अपना बयान बांद्रा पुलिस के समक्ष दर्ज कराया है शिकायत के बाद बांद्रा पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली. मामले में आगे की जांच की जा रही है. साथ ही उनके घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.बता दें कि 66 साल के बाबा सिद्दीकी की हत्या 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में हुई थी। इस हत्याकांड को सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर अंजाम दिया था। बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र में एक चर्चित हस्ती थे। और पूर्व में मंत्री भी रहे थे, बाबा की हत्या देशभर में सुर्खियों में रही थी और लंबे समय तक इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। इस हत्याकांड में जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आया था।