Breaking News

लालू यादव को अनुसूचित जाति आयोग का नोटिस, अंबेडकर की तस्वीर से जुड़ा वीडियो बना विवाद का कारण

15 Jun, 2025 115

बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथित अपमान के मामले में नोटिस जारी किया है। आयोग ने लालू यादव से 15 दिनों के भीतर इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही पूछा है कि क्यों न उनके खिलाफ अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए?

यह नोटिस उस वीडियो के वायरल होने के बाद भेजा गया है, जिसमें लालू यादव अपने जन्मदिन के मौके पर कुर्सी पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं और उनके सामने रखी कुर्सी पर उनके पैर हैं। इसी दौरान एक समर्थक डॉ. अंबेडकर की तस्वीर लेकर आता है और उनके साथ फोटो खिंचवाता है। तस्वीर में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अंबेडकर की तस्वीर लालू यादव के पैरों के पास रखी गई है।

इस वीडियो के सामने आने के बाद से राजनीतिक बवाल तेज हो गया है। NDA के नेताओं ने लालू यादव पर जानबूझकर बाबा साहेब अंबेडकर और दलित समुदाय का अपमान करने का आरोप लगाया है। वे लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो को शेयर कर उनकी आलोचना कर रहे हैं।

राज्य अनुसूचित जाति आयोग की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है, "आपके जन्मदिन पर आपने संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर के चित्र का अपमान किया है। यह कृत्य सोशल मीडिया पर बार-बार देखा जा रहा है, जिससे सिर्फ एक वर्ग नहीं बल्कि पूरे देश की भावनाओं को ठेस पहुंची है।"

अन्य खबरे