महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की तारीखों का हुआ ऐलान
महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राज्य चुनाव आयोग मंगलवार को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने स्थानीय निकाय चुनाव की घोषणा की है।
नगर पंचायत और नगर पालिकाओं के चुनाव पहले चरण में होंगे। चुनाव आयोग ने 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसमें कुल 86859 सदस्य और 288 अध्यक्ष चुने जाएंगे। 246 नगर परिषदों में 10 नवनिर्वाचित नगर परिषदें शामिल हैं। 236 नगर परिषदों का कार्यकाल पहले ही समाप्त हो चुका है।
नगर परिषद चुनाव के लिए मतदान 2 दिसंबर को होगा। 10 नवंबर से आवेदन जमा किए जा सकेंगे। आवेदन 10 से 17 नवंबर के बीच जमा किए जाने हैं। इसके बाद 2 दिसंबर को मतदान होगा। मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी।
बड़े शहरों के नगर निगम जैसे- मुंबई, पुणे, ठाणे आदि के चुनाव जनवरी तक अंतिम चरण में कराए जाने की संभावना है। फिलहाल इसकी घोषणा अभी नहीं हुई है। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य चुनाव आयोग को 31 जनवरी 2026 तक इन्हें पूरा कराने की अंतिम समय-सीमा दी है। ये चुनाव तीन चरणों में कराए जाने की संभावना है, जिनमें राज्य भर के कुल 685 स्थानीय निकाय शामिल हैं।
चुनाव आयोग की ओर से बनाई गई वेबसाइट पर नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। एक वार्ड में एक उम्मीदवार की ओर से अधिकतम चार नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। इसके साथ ही जाति वैधता प्रमाण पत्र भी आवश्यक है। जिन लोगों ने जाति वैधता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया है, उन्हें आवेदन की रसीद जमा करनी होगी।