Breaking News

मीरा भायंदर महानगरपालिका के सभागृह नेता बने एड. रवि व्यास

07 May, 2026 75

भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व जिलाध्यक्ष तथा मीरा भायंदर विधानसभा चुनाव के प्रमुख रहे एडवोकेट रवि व्यास को मीरा भायंदर महानगरपालिका में सभागृह नेता की बड़ी जिम्मेदारी दी है। सभागृह नेता महानगरपालिका में सरकार का मुख्य चेहरा होता है, जो प्रशासनिक कार्यों को गति देने और पार्षदों की भूमिका को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिम्मेदार होता है। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी की नगरसेविका सय्यद आफरीन मुजफ्फर हुसैन को नेता प्रतिपक्ष (लीडर ऑफ अपोजिशन) बनाया गया है। आफरीन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य सय्यद मुजफ्फर हुसैन की बेटी हैं। महापौर डिंपल मेहता ने सभा के दौरान इन नियुक्तियों की औपचारिक घोषणा की

बताया दें की 95 सदस्यीय मनपा में भाजपा के नगरसेवकों की संख्या 78 है, जबकि कांग्रेस और शिंदे गुट के पास क्रमश: 13 और 3 नगरसेवकों का समावेश है। इसके अलावा भाजपा का एक बागी निर्दलीय चुनकर आया है, जिसने अपना समर्थन भाजपा को दिया है। कांग्रेस और शिंदे गुट के 16 सदस्यों ने मिलकर मीरा-भायंदर विकास आघाडी का गठन किया है।

महानगरपालिका में सभागृह नेता सदन का संचालन और नीति निर्धारण करने के साथ-साथ सत्ता पक्ष का नेतृत्व करता है। पार्टी के सभी पार्षदों के बीच समन्वय और एकता बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का भी निर्वहन करता है। शहर के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेता है। सदन में सत्ता पक्ष का नेतृत्व करता है। एड.रवि व्यास को सभागृह नेता बनाए जाने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खुशी देखी जा रही है।

मीरा भायंदर की आम जनता ने भी उन्हें सभागृह नेता बनाए जाने का स्वागत किया है। एड व्यास ने दी गई जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण तथा विधायक नरेंद्र मेहता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरे मनोयोग और समर्पित भावना के साथ करेंगे।

वहीं आफरीन ने बताया कि शहर के नागरिकों से जुड़े मुद्दों को न सिर्फ मजबूती से सदन में उठाने का काम करेंगे, बल्कि सत्ताधारी पक्ष को जवाबदेह बनाएंगे ताकि वे अपने बहुमत का दुरुपयोग न करें और जन कल्याण के प्रति उत्तरदायी रहें। आफरीन ने पानी, सड़क, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।

अन्य खबरे