Breaking News

नए रोजगार के अवसर मिलेंगे, देश का पैसा देश में रहेगा- 238 एसी लोकल को लेकर बोले गोपाल शेट्टी

13 Aug, 2026 20

मुंबई के लिए मंजूर की गई 238 नई वातानुकूलित लोकल ट्रेनों का निर्माण एक साथ तीन रेल कारखानों में ही करने के मुंबई रेल विकास कॉरपोरेशन के निर्णय का पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने स्वागत किया है। सूत्रों के मुताबिक इन गाड़ियों के निर्माण के लिए पहले टेंडर के जरिए निजी ठेकेदारों से निविदा मांगी गई थी। लेकिन इस प्रक्रिया में रेक मिलने में काफी समय लगने वाला था। इसलिए यह निविदा रद्द करके चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री, कपूरथला की रेल कोच फैक्ट्री और रायबरेली की मॉडर्न कोच फैक्ट्री में ही निर्माण करने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के कारण 2027 से वातानुकूलित रेक उपलब्ध होना शुरू हो जाएगा। 2030 तक सभी 238 रेक चरणबद्ध तरीके से शामिल कर लेने का लक्ष्य तय किया गया है। निजी ठेकेदार के माध्यम से उत्पादन किया जाता तो पहला रेक 2030 के आसपास और पूरा बेड़ा 2034 तक उपलब्ध होने की संभावना थी।

इसे रेलवे को आत्मनिर्भरता की दिशा में ले जाने वाली उत्कृष्ट और उपयोगी योजना बताते हुए जनसेवक गोपाल शेट्टी ने कहा है कि 238 एसी लोकल का निर्माण रेलवे के ही कारखानों में होने से रोजगार के नए अवसरों के निर्माण के साथ-साथ जहां सरकारी खजाने में बड़ी मात्रा में राजस्व जमा होगा वहीं देश का पैसा देश में ही रहने में मदद मिलेगी। जनसेवक गोपाल शेट्टी ने अंत मे कहा कि इस जनहितकारी उपक्रम के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सभी लोकल ट्रेन यात्रियों की ओर से धन्यवाद देते हुए आभार मानता हूँ।

अन्य खबरे