Breaking News

तालिबानी विदेश मंत्री की प्रेस कान्फ्रेंस में महिला पत्रकारों पर प्रतिबंध

11 Oct, 2025 266

भारत यात्रा पर आए अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्ताक़ी ने शुक्रवार,10 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित अफ़ग़ान दूतावास में प्रेस वार्ता की। विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ उनकी मुलाक़ात के बाद यह प्रेस वार्ता आयोजित की गई। हालांकि इस प्रेस वार्ता में महिला पत्रकारों को प्रवेश नहीं दिया गया। 

प्रेस वार्ता के लिए 15 से अधिक मीडिया संस्थानों को आमंत्रित किया गया था, और सभी संस्थानों का प्रतिनिधित्व पुरुष पत्रकार कर रहे थे।  प्रेस वार्ता के दौरान कथित तौर पर महिला पत्रकारों को शामिल होने से रोके जाने पर विवाद खड़ा हो गया। महिला पत्रकारों की एंट्री बैन करने के मामले में सोशल मीडिया पर आक्रोश फैल गया। 

कई विपक्षी नेताओं ने इस घटना पर केंद्र सरकार के रुख पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने का आग्रह किया है और भारत में सक्षम महिला पत्रकारों के अपमान की निंदा की है। 

महिला पत्रकारों पर प्रतिबंध की सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। आमिर खान मुत्तकी गुरुवार को दिल्ली पहुंचे और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की। इस मुलाकात के दौरान, उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान के विकास, द्विपक्षीय व्यापार, क्षेत्रीय अखंडता, लोगों के आपसी संबंधों, क्षमता निर्माण और भारत के साथ सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

हालांकि, दोपहर 3.30 बजे अफ़ग़ान दूतावास में मुत्तकी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई मीडिया संस्थानों को आमंत्रित नहीं किया गया था और महिला पत्रकारों को भी इसमें शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई थी। भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच यह एक महत्वपूर्ण राजनयिक बैठक होने के बावजूद, ज़्यादातर पत्रकारों को इस कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई और उन्हें प्रवेश भी नहीं दिया गया। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल कुछ पत्रकारों ने नाम न छापने की शर्त पर आईएएनएस को बताया कि उन्हें सुबह ही इस कार्यक्रम की जानकारी दी गई। कई पत्रकारों ने पत्रकारों को दी गई सीमित पहुंच पर भी सवाल उठाए। 

अन्य खबरे