गांगुली ने किया इशारा सूर्यकुमार हो सकते हैं टीम इंडिया में शामिल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
क्रिकेट के मैदान में यदि बेहतर प्रदर्शन वरिष्ठों के सामने आता है तब उसके भविष्य के लिए उम्मीदों का नया रास्ता खुल जाता है. आजकल एक ऐसे ही खिलाड़ी के प्रदर्शन ने सौरव गांगुली को प्रभावित किया है और उसे टीम इंडिया में स्थान मिलने की संभावना प्रबल हो गई है. भारतीय क्रिकेट टीम को आईपीएल के बाद ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है और इस दौरे के लिए 32 सदस्यीय भारतीय दल का ऐलान किया गया है. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जिन खिलाड़ियों को जगह नहीं मिलने पर सबसे अधिक चर्चा हुई उसमें रोहित शर्मा के अलावा सूर्यकुमार यादव को लेकर हुई थी. वहीं अब बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने सूर्यकुमार यादव के लिए कहा है कि उन्हें जल्द ही टीम इंडिया में जगह मिल सकती है. सौरव गांगुली के मुताबिक़ वह दिन दूर नहीं जब सूर्यकुमार भारतीय टीम में शामिल होंगे. वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. उसका समय आ जाएगा. हालांकि, गांगुली ने यह नहीं बताया कि उन्हें कब मौका दिया जाएगा.बहरहाल इतना तो तय है कि आनेवाले दिनों में सूर्यकुमार की किस्मत सूर्य की तरह चमक सकती है.