टीम इंडिया को मिला नया जर्सी स्पॉन्सर, एक मैच के देगी इतने रुपए !
एशिया कप के बीच टीम इंडिया को उसकी जर्सी का नया स्पॉन्सर मिल गया है। दरअसल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में ऑनलाइन गेमिंग विधेयक की वजह से ड्रीम11 के साथ अपनी डील को बीच में ही खत्म करने का ऐलान किया था। इसके चलते एशिया कप में टीम इंडिया स्पॉन्सर वाली जर्सी के बिना अपने मैच खेल रही है। इसी बीच खबर आ रही है कि टीम इंडिया को नया जर्सी स्पॉन्सर मिल गया है। ‘अपोलो टायर्स’ टीम इंडिया की जर्सी का नया स्पॉन्सर हो सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अपोलो टायर्स बीसीसीआई को हर मैच के लिए 4.5 करोड़ रुपये अदा कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह पिछले स्पॉन्सर ड्रीम11 की डील से 50 लाख रुपये ज्यादा होगा। ड्रीम11 हर मैच के लिए बीसीसीआई को 4 करोड़ रुपये देता था। हालांकि, अपोलो टायर्स के साथ डील को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई ऐलान नहीं किया है।
टीम इंडिया का स्पॉन्सर बनने के लिए बोली 16 सितंबर को लगाई गई थ। बीसीसीआई ने अपनी उस प्रेस रिलीज में साफ कर दिया था कि गेमिंग, बेटिंग, क्रिप्टो और टोबैको से जुड़ी कंपनियां स्पॉन्सरशिप के लिए आवेदन नहीं कर सकती। इन सबके अलावा बैंकिंग, फाइनेंशियल कंपनीज, स्पोर्ट्सवीयर बनाने वाली कंपनियों को भी बीसीसीआई ने स्पॉन्सरशिप की बोली से दूर रखा था।
टीम इंडिया फिलहाल एशिया कप 2025 में खेल रही है, जो कि यूएई के दो शहरों अबू धाबी और दुबई में खेला जा रहा है। भारतीय टीम इस मल्टीनेशन टूर्नामेंट में बिना जर्सी के साथ खेल रही है। अपोलो टायर ने जरूर भारत की नई जर्सी स्पॉन्सरशिप हासिल की है। मगर उसके लोगो के इस टूर्नामेंट के बाद ही भारतीय टीम की जर्सी पर दिखने की संभावना है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 2 अक्टूबर से शुरू होगी। पहला टेस्ट अहमदाबाद में 2 अक्टूबर से खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से दिल्ली में आयोजित होगा।