Breaking News

अलकायदा के खूंखार नेता खालिद अल-बतरफी की मौत

11 Mar, 2024 822

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
खूंखार आतंकी और यमन की अल-कायदा शाखा के नेता खालिद अल-बतरफी की मौत हो गई है। आतंकवादी समूह ने रविवार देर रात को इस बात की जानकारी दी। बता दें कि अमेरिका सरकार ने अरब प्रायद्वीप में अल-कायदा समूह का नेतृत्व करने वाले खालिद अल-बतरफी पर 50 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था। एक्यूएपी को उसके संस्थापक ओसामा बिन लादेन की हत्या के बाद भी सक्रिय चरमपंथी समूह की सबसे खतरनाक शाखा माना जाता रहा है। अलकायदा ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें अल-बतरफी को अलकायदा के काले और सफेद झंडे में लिपटा हुआ दिखाया गया है। वीडियो में बतरफी की मौत के कारण के बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया और उसके चेहरे पर चोट का कोई स्पष्ट निशान नजर नहीं आया। ऐसा माना जाता है कि अल-बतरफी की उम्र करीब 40 वर्ष थी। जानकारी के मुताबिक, आतंकवादियों ने वीडियो जारी कर बतरफी की मौत की जानकारी दी। संगठन ने यह घोषणा रमजान की पूर्व संध्या पर की। उसने घोषणा की कि अब साद बिन अतेफ अल-अवलाकी उसका नेता होगा। अमेरिका ने अवलाकी पर 60 लाख डॉलर का इनाम रखा है। अमेरिका ने कहा कि अवलाकी ने अमेरिका और उसके सहयोगियों के खिलाफ हमले का सार्वजनिक रूप से आह्वान किया है। बता दें कि अलकायदा एक खतरनाक आतंकी संगठन है।

अन्य खबरे