Breaking News

नींद में सोये सरपंच की गोली मारकर हत्या

11 Dec, 2019 1063

संवाददाता/in24 न्यूज़.  
सुशासन बाबू नीतीश कुमार के बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. गौरतलब है कि उनके गृह जिले नालंदा के करायपरसुराम थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक ग्राम पंचायत के सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद वे वहां से फरार हो गए. हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. घटना के बाद गांव के लोग आक्रोशित हैं और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. नालंदा के पुलिस अधीक्षक नीलेश कुमार ने बताया कि घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. नालंदा के पुलिस अधीक्षक नीलेश कुमार ने बुधवार को बताया कि मकरौता ग्राम पंचायत के सरपंच और कमरथू गांव निवासी सुभाष यादव रात में अपने घर में सोए हुए थे, तभी अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की, जिसमें यादव की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है. घटना की सूचना के बाद घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है. बता दें कि इससे पहले मंगलवार को समस्तीपुर में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बाइक सवार युवक को गोली मार दी. अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में युवक की मौत हो गई. मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आधार पुर का है, जहां बाइक से आ रहे व्यक्ति को ओवरटेक कर रोका और फिर बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मार दी. घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई.

अन्य खबरे