पत्नी ने पति को पांचवीं शादी के बदले हवालात पहुंचाया
संवाददाता/in24 न्यूज़.
कहते हैं कि शादी सात जन्मों का बंधन होता है, मगर कुछ पति कई शादी करने के शौकीन होते हैं. हरियाणा के रोहतक से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक शख्स को शादी का ऐसा चस्का लगा कि उन्होंने एक के बाद चार शादियां कर डाली। इसके बाद वह पांचवी शादी की तैयारी कर रहा था। इससे पहले ही चौथी पत्नी को खबर हो गई। इसके बाद पत्नी ने थाने में शिकायत कर दी। इस शिकायत पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़ित महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। खबरों के मुताबिक़ रोहतक निवासी नरेश कुमार अमेरिका में रहते हैं, और वह एनआरआई हैं। जानकारी के मुताबिक, तीन माह पूर्व थाना टोहना में नरेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता महिला ने खुद को नरेश कुमार की चौथी पत्नी बताया। उसने बताया कि उससे पहले नरेश कुमार तीन शादियां कर चुके हैं और अब पांचवी शादी करना चाहते हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति नरेश कुमार के खिलाफ जांच शुरू कर दी। हाल ही में जब नरेश कुमार अमेरिका से हरियाणा लौटे तो टोहना थाना पुलिस ने रोहतक से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एनआरआई को पुलिस टोहना ले आई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी शादी पिछले साल हुई थी और शादी के एक महीने बाद ही उसका पति अमेरिका चला गया। इस दौरान पति उसके सारे जेवरात भी अपने साथ ले गया। इसके बाद वह पत्नी से और पैसो की मांग करने लगा। जब पत्नी ने रकम देने में असमर्थता जताई, तो उसका फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद उसे किसी तरह सूचना मिली, कि उसका पति पांचवी शादी करने की तैयारी कर रहा है, जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। टोहाना के डीएसपी बिरम सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर एनआरआई नरेश कुमार को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता द्वारा बताया गया है कि आरोपी पहले ही तीन शादियां कर चुका है। पीड़िता उसकी चौथी पत्नी और अब वह पांचवीं शादी करने की तैयारी में था। मगर पत्नी की पहल पर उसके अरमान धरे के धरे रह गए.