बीवी से झगड़े के बाद वैज्ञानिक पति ने आत्महत्या की
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज के दौर में पति-पत्नी का संबंध बेहतर हो इससे अच्छी बात नहीं हो सकती. मगर कई बार पति-पत्नी के बीच की अनबन से मामला इतना बिगड़ जाता है, जिसकी कल्पना तक नहीं की जा सकती. मुंबई स्थित भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) के एक युवा वैज्ञानिक ने यहां अनुशक्ति नगर स्थित सरकारी आवास में अपनी पत्नी के साथ झगड़े के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सिद्धेश्वर गोव ने कहा कि यह घटना गुरुवार को हुई और मृत वैज्ञानिक की पहचान कानपुर के रहने वाले अनुज त्रिपाठी के रूप में हुई है। वह बीएआरसी बायोटेक विभाग में वर्ष 2011 से कार्यरत था। 28 जनवरी की सुबह, अनुज और पत्नी सरोज के बीच कथित तौर पर उनके 5 और 3 वर्ष के बच्चों को खिलाने को लेकर तीखी बहस हो गई, जिसके बाद उन्होंने बेडरूम में जाकर छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। गोव ने कहा कि सरोज और पड़ोसी घटना की भनक लगते ही उसके रूम की तरफ गए और तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। त्रिपाठी के घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और ट्रॉम्बे पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है। आगे की जांच में पुलिस लग गई है.