मां समेत पांच बेटियों ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की
संवाददाता/in24 न्यूज़.
पारिवारिक विवाद कई बार इतना अधिक बढ़ जाता है कि इंसान अपनी ज़िंदगी समाप्त करने से बाज नहीं आता और देखते ही देखते परिवार के सदस्य हमेशा के लिए अपनी आंखें बंद कर लेते हैं। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बेमचा गांव निवासी एक 38 वर्षीय महिला और उसकी पांच बेटियों की लाश सुबह रेलवे ट्रैक पर मिली है। इनकी पहचान बेमचा निवासी एक परिवार के रूप में हुई है। 38 वर्षीय महिला का नाम उमा साहू है। उसके साथ उनकी पांच बेटियां अन्नपूर्णा साहू, भूमि साहू, कुमकुम साहू, स्वजा साहू और तुलसी साहू ने भी ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी है। बच्चों की उम्र 8 साल से 15 साल के बीच की बताई जा रही है। जानकारी मिली है की पारिवारिक विवाद के चलते महिला अपनी पांचों बेटियों को लेकर घर से निकल गई थी। सुबह रेलवे ट्रैक पर सभी की लाश पाई गई। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध करते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद विवाद की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।