Breaking News

फेसबुक ने जियो में खरीदी हिस्सेदारी

22 Apr, 2020 340

संवाददाता/in24 न्यूज़.
सोशल नेटवर्किंग की दुनिया में अपनी अनोखी पहचान बनानेवाले फेसबुक ने अब जियो में हिस्सेदारी खरीदी है. बता दें कि सोशल मीडिया दिग्गज फेसबुक ने मुकेश अंबानी के रिलायंस इंडस्ट्रीज के जियो प्लेटफार्मों में 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी 43,574 करोड़ रुपये (5.7 बिलियन डॉलर) में खरीद ली है. जियो प्लेटफॉर्म रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है जो डिजिटल ऐप, डिजिटल इकोसिस्टम और मोबाइल सर्विस पर काम करती है. रुपया वर्तमान में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 77 से 78 के बीच है, ऐसे में सौदा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सौदे को नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद फेसबुक जियो का सबसे बड़ा माइनॉरिटी शेयरधारक बन जाएगा. एक अरब से अधिक मोबाइल यूजर बेस वाला भारत फेसबुक और उसके मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप का भारत में सबसे बड़ा बाजार है, जिसके देश में 400 मिलियन से अधिक ग्राहक हैं. रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के 388 मिलियन से अधिक ग्राहक हैं और वह जियो प्लेटफार्मों की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बनी रहेगी. जियो को सितंबर 2016 में लॉन्च किया गया था और केवल तीन वर्षों में वह ग्राहक आधार पर भारत की सबसे बड़ी मोबाइल सेवा कंपनी बन गई. जियो एकमात्र भारतीय दूरसंचार कंपनी है जिसने अपना पूरा नेटवर्क 4जी वोल्ट तकनीक पर बनाया है. अन्य सभी कंपनियों में 2 जी, 3 जी और 4 जी प्रौद्योगिकियों का मिश्रण है.

अन्य खबरे