अग्निपथ योजना का विरोध लगातार जारी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
देश की सुरक्षा के लिए भारतीय सेनाओं में चार साल की अवधि के लिए युवाओं की भर्ती के लिए केंद्र सरकार की ओर से लांच किए गए अग्निपथ योजना का विरोध लगातार विद्यार्थियों द्वारा किया जा रहा है। यह विरोध प्रदर्शन तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी है। शुक्रवार सुबह यूपी के बलिया रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने तोड़फोड़ की। हालात का काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। शुक्रवार सुबह बलिया रेलवे स्टेशन पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया।अग्निपथ योजना को लेकर शुक्रवार को बिहार में भी विरोध प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार सुबह युवाओं ने बिहार के समस्तीपुर और लखीसराय में ट्रेन में आग लगा दी। प्रदर्शनकारी युवाओं की भीड़ ने कई एसी कोच को आग के हवाले कर दिया। बता दें कि गुरुवार को भी अग्निपथ योजना के विरोध में कई राज्यों के युवाओं में उबाल देखने को मिला था। कई जगह आगजनी हुई थी, रेल और सड़क मार्ग को रोका गया था। इस योजना के विरोध में उत्तर प्रदेश के बलिया में युवक सड़कों पर उतर गए। बक्सर के बिहिया थाना के एसआई राम स्वरूप ने कहा कि हंगामा और हिंसा करने वालों में ज्यादातर नगर के लोग थे। उन्होंने कहा कि इसमें छात्रों की संख्या कम थी। प्रदर्शन में ज्यादातर नगर के लोगों ने हिस्सा लिया। ऐसा लग रहा था जैसे सभी भाड़े पर लाए गए हों। हिंसा में एसआई राम स्वरूप के साथ दो अन्य रेलवे कर्मचारी घायल हो गए हैं। वहीं राकेश टिकैत ने योजना का विरोध करते हुए कहा कि इसके खिलाफ अब पूरे देश में आंदोलन किया जाएगा। छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है, तो वहीं कई ट्रेनों को कैंसिल भी कर दिया गया है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि हम सालों से सेना भर्ती का इंतजार कर रहे हैं और अब सरकार सिर्फ चार साल के लिए ही सेना में भर्ती करेंगी। छात्रों के कहा कि सेना में पुरानी भर्ती प्रक्रिया को जल्द बहाल किया जाएगा। बता दें कि योगी आदित्यनाथ पहले ही अपील कर चुके हैं कि किसी के बहकावे में न आएं।