आज चुनाव के बाद उपराष्ट्रपति का नाम होगा फाइनल
संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह दस बजे से शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। बता दें किउसके बाद आज ही शाम को ही मतों की गिनती शुरू हो जाएगी. उसके बाद निर्वाचन अधिकारी द्वारा देश के नए उपराष्ट्रपति के नाम की घोषणा कर दी जाएगी. उपराष्ट्रपति के चुनाव में मुकाबला एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ और विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के बीच है. अगर आंकड़ों पर गौर किया जाए तो पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ का पलड़ा भारी दिख रहा है. जिससे ऐसा माना जा रहा है कि इस चुनाव में जगदीप धनखड़, मार्गरेट अल्वा को मात देंगे. बता दें कि उपराष्ट्रपति चुनाव में भी विपक्षी दलों में मतभेद सामने आ चुके हैं. जिससे ऐसा लग रहा है कि जगदीप धनखड़ ही देश के अगले उपराष्ट्रपति होंगे. क्योंकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने मार्गरेट अल्वा के नाम की घोषणा से पहले सहमति नहीं बनाने की कोशिशों का हवाला देते हुए मतदान प्रक्रिया से दूर रहने की घोषणा की है. बता दें कि 80 वर्षीय मार्गरेट अल्वा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं और राजस्थान की राज्यपाल रह चुकी हैं. तेलंगाना राष्ट्र समिति, आम आदमी पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा, एआईएमआईएम ने अल्वा के समर्थन की घोषणा की है.बता दें कि विपक्ष के उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को अब तक मिले राजनीतिक दलों के समर्थन को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस चुनाव में उन्हें करीब 200 मत मिल सकते हैं. वहीं दूसरी ओर एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ करीब 515 वोट मिल सकते हैं. बता दें कि जगदीप धनखड़ राजस्थान के प्रभावशाली जाट समुदाय से आते हैं और उनकी पृष्ठभूमि समाजवादी रही है. उपराष्ट्रपति चुनाव में उन्हें जनता दल यूनाईटेड, वाईएसआर कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, अन्नाद्रमुक, बीजू जनता दल और शिवसेना की ओर से समर्थन मिलने की बात कही गई है. उपराष्ट्रपति के रूप में एम.वेंकैया नायडू का कार्यकाल डस अगस्त को समाप्त हो रहा है. इसके बाद 11 अगस्त को नए उपराष्ट्रपति शपथ लेंगे. बता दें कि उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य मतदान करते हैं. इसके अलावा दोनों सदनों के मनोनीत सदस्य भी उपराष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने के पात्र होते हैं. इस तरह संसद के दोनों सदनों को मिलाकर सदस्यों की मौजूदा संख्या 788 है, जिनमें से बीजेपी के पास 394 सांसद हैं. उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए किसी उम्मीदवार को 390 से अधिक मतों की जरूरत होती है. बता दें कि आज शाम ही यह फाइनल हो जाएगा कि देश के अगले उपराष्ट्रपति के तौर पर किसका नाम सामने आएगा!