आज फिर देश को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लॉकडाउन का तीसरा चरण चल रहा है. मगर अब भी कोरोना पर जितना नियंत्रण होना चाहिए था, उसमें कमी बरकरार है. यही वजह है कि आज एक बार फिर देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी का ये संबोधन कोरोना वायरस और लॉकडाउन के संबंध में होगा. बता दें कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए पूरे देश को 17 मई तक लॉकडाउन किया गया है. बावजूद इसके देशभर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पूरे देश में 3,666 नए मामले सामने आए हैं और 82 लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 70,827 हो गई है. हालांकि इनमें से 22,549 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और 2,294 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, आज यानी मंगवार को राजस्थान में 47 और बिहार में 12 नए मामले दर्ज किए गए हैं. लॉकडाउन के दौरान कोरोना के बढ़ते मामलों ने सरकार को भी चिंता में डाल दिया है. सोमवार को पीएम मोदी ने रविवार को समाप्त हो रहे लॉकडाउन 3.0 से पहले देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग की. जिसमें देश में लॉकडाउन के बारे बातचीत के साथ जरूरी सुझाव और राय मांगी गई. इसी बीच प्रधानमंत्री आज रात यानी मंगलवार रात आठ बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे. ऐसी संभावना जताई जा रही है कि पीएम मोदी अपने संबोधन के दौरान लॉकडाउन बढ़ाने को लेकर या लॉकडाउन के दौरान स्थिति को लेकर बात कर सकते हैं. सोमवार को मुख्यमंत्रियों के साथ बातचीत में इसके संकेत भी मिल चुके हैं. इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी देश को किसी बड़े आर्थिक मदद देना का भी ऐलान कर सकते हैं.