आज से देश भर में घरेलू हवाई सेवा शुरू
लॉकडाउन के बीच लंबे अंतराल के बाद आज से देश भर में घरेलू हवाई सेवाएं फिर से शुरू हो रही हैं. हालांकि केंद्र सरकार ने इसके लिए एक अलग गाइडलाइन जारी की है लेकिन कई राज्यों ने यात्रियों के लिए केंद्र के दिशानिर्देशों का पालन करने के बजाय अपने स्वयं के नियमों को निर्धारित करने का विकल्प चुना है. दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए क्वारंटाइन और सेल्फ-क्वारंटाइन नियमों की घोषणा की गई है. कई राज्यों ने कहा कि यात्रियों को केवल तभी सुविधा दी जाएगी जब उनमे बुखार या खांसी जैसे लक्षण होंगे. जबकि कई राज्यों ने 14 से 28 दिनों के क्वारंटाइन का सुझाव दिया है. महाराष्ट्र सरकार का कहना है कि मुंबई हवाई अड्डे पर सोमवार से प्रति दिन केवल 50 घरेलू उड़ानों की आवाजाही होगी. यहां तक कि बिना लक्षण वाले लोगों को भी घर पर क्वारंटाइन किया जायेगा. तमिलनाडु सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर घरेलू हवाई यात्रा को 31 मई तक लॉकडाउन के अंत तक स्थगित करने के लिए कहा था लेकिन राज्य ने अब 25 उड़ानों की अनुमति दी है और क्वारंटाइन पर एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी की है.बिना लक्षण और हल्के लक्षण वाले यात्रियों को घर या होटल में 14-दिवसीय क्वारंटाइन से गुजरना होगा. ज्यादा गंभीर स्थिति वाले लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया जायेगा. सभी यात्रियों पर क्वारंटाइन मुहर लगाई जाएगी. दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने वाले यात्रियों को क्वारंटाइन या आइसोलेशन की आवश्यकता नहीं होगी. बिना लक्षण यात्रियों को इस सलाह के साथ जाने की अनुमति दी जाएगी कि वे 14 दिनों के लिए अपने स्वास्थ्य की निगरानी करेंगे. यदि उनमें लक्षण विकसित होते हैं, तो वे कॉल सेंटर 1075 पर डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस अधिकारी या राज्य या नेशनल कॉल सेंटर को सूचित कर सकते हैं. इन लोगों में लक्षण पाए जाते हैं तो उन्हें आइसोलेट कर निकटतम स्वास्थ्य सुविधा में ले जाया जाएगा. मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को कहा कि रैपिड टेस्टिंग टीमें उन सभी लोगों की जांच करेंगी, जिन्हें 14 दिनों की अवधि के लिए होम क्वारंटाइन के लिए कहा गया है. जिनमें लक्षण पाए गए उन्हें आइसोलेशन में रखा जाएगा और उन उनका कोरोना वायरस टेस्ट होगा. केरल में एंट्री पास सभी घरेलू यात्रियों के लिए आवश्यक है, जो एक वेबसाइट से प्राप्त किया जा सकता है. बिना पास वालों को 14 दिनों के संस्थागत क्वारंटाइन से गुजरना होगा. छत्तीसगढ़ में बिना लक्षण वाले लोगों को भी 14 दिनों के क्वारंटाइन से गुजरना होगा. यात्री घर या होटल क्वारंटाइन का चयन कर सकते हैं.