Breaking News

एक जून तक महाराष्ट्र में लॉकडाउन बढ़ा

13 May, 2021 1161

संवाददाता/in24 न्यूज़।
वैश्विक महामारी के खौफ को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने प्रदेश में एक जून तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। लॉकडाऊन बढ़ाने के साथ-साथ पुराने नियमों के साथ कुछ नए नियमों को जोड़ा गया है ताकि कोरोना की चेन को तोड़ा जा सके। फि़लहाल 15 मई तक राज्य में लॉकडाउन लागू है। महाराष्ट्र में आने वाले सभी लोगों को आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य होगा। जो महाराष्ट्र में प्रवेश के 48 घंटे पहले की होनी चाहिए। यह नियम पहले कोरोना संस्कृत इलाकों से आने वाले लोगों पर लागू था लेकिन अब इसे पूरे देश से आने वाले नागरिकों पर लागू किया गया है। देश में महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। मौत के मामले भी सबसे ज्यादा वहीं से आ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में 816 लोगों की जान कोरोना की वजह से गई है। इसके बाद कर्नाटक में 516, उत्तर प्रदेश में 326, दिल्ली में 300, तमिलनाडु में 293, पंजाब में 193, हरियाणा में 165, राजस्थान में 164, छत्तीसगढ़ में 153, पश्चिम बंगाल में 135, उत्तराखंड में 109 और गुजरात में 102 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। इससे पहले महाराष्ट्र सरकार ने चार अप्रैल को 30 अप्रैल तक पाबंदी लगाने का एलान किया था फिर इसे बढ़ा दिया गया था। अगर दूसरे राज्यों की बात करें तो झारखंड सरकार ने मिनी लॉकडाउन (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) को अगले दो हफ्तों के लिए बढ़ा दिया है। अब यह 27 मई सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके साथ ही 16 मई की सुबह छह बजे से पूर्व से जारी प्रतिबंधों के अतिरिक्त चार नए प्रतिबंध भी प्रभावी रहेंगे। इसके तहत अब दुल्हा-दूल्हन को शामिल करके अधिकतम 11 लोगों की मौजूदगी में शादी केवल अपने घरों में या कोर्ट में संपन्न होगी। इस अवसर पर किसी प्रकार का आयोजन प्रतिबंधित रहेगा। गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 3,62,727 नए मामले सामने आए हैं।

अन्य खबरे