तंजानिया के सोशल मीडिया स्टार किली पॉल को भारत ने किया सम्मानित
22 Feb, 2022
591
संवाददाता/ in24 न्यूज़
तंजानिया (tanjania) के सोशल मीडिया स्टार किली पॉल (social media star kili paul) को भारत ने बड़ा सम्मान दिया है. तंजानिया में स्थित भारतीय उच्चायोग ने किली पॉल को बुलाकर उन्हें सम्मानित किया. तंजानिया में भारतीय उच्चायुक्त बिनाया प्रधान ने ट्विटर पर किली पॉल के साथ एक फोटो शेयर करते हुए यह जानकारी दी. शेयर फोटो में बिनाया प्रधान भारतीय दूतावास कार्यालय में पॉल को सम्मानित करते नजर आ रहे हैं. प्रधान ने ट्वीट कर लिखा कि, ‘‘ आज तंजानिया भारतीय उच्चायोग में एक खास मेहमान किली पॉल आए...जिन्होंने भारतीय फिल्मों के मशहूर गीतों पर अपने वीडियो से लाखों भारतीयों के दिल जीत लिए हैं.’’
पॉल ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम एकाउंट से भारतीय उच्चायोग का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने लिखा कि, ‘‘भारतीय उच्चायोग, आपका बहुत-बहुत शुक्रिया.’’ फिल्म ‘शेरशाह’ के गीत ‘रातां लंबिया’ के बोल गुनगुनाते हुए पॉल का एक वीडियो पिछले साल सुर्खियों में था. इस वीडियो में वह अपनी बहन नीना पॉल के साथ नजर आए. उसके बाद से ही पॉल इंस्टाग्राम पर खासा लोकप्रिय हो गए और इस सोशल मीडिया मंच पर उनके करीब 22 लाख फॉलोअर्स हैं. एक्टर आयुष्मान खुराना, गुल पनाग और ऋचा चड्ढा सहित कई लोकप्रिय भारतीय फिल्मी हस्तियों ने भी उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो किया है.
किली पॉल के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर नजर डालें तो उन्होंने अपनी प्रोफ़ाइल में अपने आप को " डांसर और कंटेंट क्रिएटर " के रूप में डिस्क्राइब किया है. उनका एक यूट्यूब चैनल भी है, जहां वे अपने सभी वीडियो पोस्ट करते हैं. खास बात यह है कि वह अपने पारंपरिक वेशभूषा में ही वीडियो पोस्ट करते हैं जिसकी वजह से उनकी लोकप्रियता और भी ज्यादा बढ़ रही है. भारत के अलावा अन्य देशों में भी वे तेजी से पॉपुलर हो रहे हैं
बता दें कि किली पॉल बॉलीवुड के मशहूर गानों की लिप सिंकिंग करके ही दुनियाभर में फेमस हुए हैं. सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग लाखों में है. इतना ही नहीं कई बॉलीवुड स्टार भी उन्हें सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं. उनके द्वारा बनाये गए वीडियो अकसर वायरल होते रहते हैं.