पीएम मोदी ने उज्ज्वला योजना 2.0 को किया लॉन्च
संवाददाता/in24 न्यूज़
उज्ज्वला 2.0 का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरभूमि महोबा से वर्चुअल शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि गरीब के घर का चूल्हा हमेशा जलता रहे। जितनी भी याेजनाएं हैं, उन सभी का लाभ गरीबों को मिलता रहे। उत्तर प्रदेश के महोबा में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले गरीब परिवारों के लिए उज्ज्वला 2.0 का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरभूमि महोबा से वर्चुअल शुभारंभ किया। बंटन दबते ही उज्ज्वला योजना का दूसरा चरण शुरू हो गया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि एक करोड़ महिलाओं के जीवन को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने एलान करते हुए कहा कि अब गैस कनेक्शन के लिए एड्रेस प्रूफ की जरूरत नहीं पड़ेगी। पीएम ने कहा कि अब देश मूल सुविधाओं की पूर्ति से, बेहतर जीवन के सपने को पूरा करने की तरफ बढ़ रहा है। आने वाले 25 साल में इस सामर्थ्य को हमें कई गुणा बढ़ाना है। समर्थ और सक्षम भारत के इस संकल्प को हमें मिलकर सिद्ध करना है। इसमें बहनों की विशेष भूमिका होने वाली है। उज्ज्वला योजना ने देश की जितनी महिलाओं का जीवन रोशन किया है वो अभूतपूर्व है। ये योजना 2016 में मंगल पांडे की धरती बलिया से शुरू हुई थी। आज उज्ज्वला योजना के दूसरे चरण की शुरुआत भी वीर भूमि महोबा से हो रही है। आज मैं बुंदेलखंड की एक और महान संतान को याद कर रहा हूं। मेजर ध्यान चंद, हमारे दद्दा ध्यानचंद। देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार का नाम अब मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार हो गया है। अब आप उज्ज्वला 2.0 के लिए आवेदन का तरीका जानिए। ऑनलाइन पोर्टल pmuy.gov.in पर क्लिक करने के बाद ऊपर ही दिए गए Apply For New Ujjwala 2.0 Connection पर जाएं। आपको पेज पर नीचे तीन ऑप्शन मिलेंगे. इंडेन, भारत पेट्रोलियम और एचपी। अपनी सुविधा के अनुसार किसी एक विकल्प को चुनकर और नए कनेक्शन के लिए मांगी गई जानकारी भरकर सबमिट करें। इसके अलावा आप चाहे तो फॉर्म डाउनलोड करके उसे भरकर नजदीकी गैस एजेंसी डीलर के पास जमा भी कर सकते हैं। डॉक्यूमेंट वेरिफाई होने के बाद आपको एलपीजी गैस कनेक्शन सरकार की ओर से उपलब्ध करा दिया जाएगा। बता दें कि पीएम मोदी शुरुआती दौर से ही गरीब महिलाओं के लिए गैस चूल्हे की वकालत करते रहे हैं।