Breaking News

पीएम मोदी ने लॉन्च की 5जी सेवा

01 Oct, 2022 582

संवाददाता/in24 न्यूज़.
2जी, 3जी और 4जी के बाद आज से 5जी सेवा की क्रांतिकारी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हो गई है. इसी के साथ टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आज से देश में नए युग की शुरुआत हो गई. दरअसल, देश में आज 5जी सर्विस का शुभारंभ हो गया. पीएम मोदी ने आज दिल्ली के प्रगति मैदान से इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC 2022) के छठे संस्करण में 5जी सर्विस की शुरुआत की. यह कार्यक्रम चार अक्टूबर तक चलेगा. IMC 2022 को इसके आधिकारिक एप से भी लाइव देख सकते हैं. इसी कार्यक्रम में 5जी नेटवर्क के इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी मिलेगी. बता दें कि IMC की शुरुआत पहली बार 2017 में की गई थी. कोरोना महामारी के चलते पिछले दो साल से IMC का आयोजन वर्चुअल किया जा रहा था. आज से शुरू हुए आईएमसी 2022 इवेंट चार अक्टूबर तक चलेगा.  5जी सर्विस की लॉन्चिंग के दौरान पीएम मोदी ने टेलीकॉम ऑपरेटर्स से भी बातचीत की. इसी के साथ अब हम 4G से अपग्रेड होकर हम 5G सर्विस तक पहुंच गए हैं. गौरतलब है कि भारत पर 5जी का कुल आर्थिक प्रभाव 2035 तक 450 अरब अमेरिकी डॉलर तक होने का अनुमान है. वहीं 4जी की तुलना में 5जी नेटवर्क कई गुना तेज गति देता है, जिससे बाधा रहित संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा 5जी के माध्यम से अरबों जुड़े डिवाइसों को कम समय में डेटा साझा किया जा सकेगा. इस इवेंट की शुरुआत के दौरान पीएम मोदी ने जाना की किस तरह से इसका उपयोग किया जा सकेगा. गौरतलब है कि 4G के मुकाबले 5G की स्पीड 10 गुना ज्यादा होगी. जिससे बेहतर वॉइस क्वालिटी और कनेक्टिविटी का आनंद लिया जा सकेगा. इवेंट के लॉन्चिंग के मौके पर पीएम मोदी के साथ केंद्रीय संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, दूरसंचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान, रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी और रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी भी मौजूद रहे. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जियो पवेलियन में प्रदर्शित ट्रू 5G उपकरणों को देखा और ‘जियो-ग्लास’ को खुद पहन कर उसका अनुभव किया. उन्होंने युवा जियो न(Jio) इंजीनियरों की एक टीम द्वारा एंड-टू-एंड 5G तकनीक के स्वदेशी विकास के बारे में जानकारी हासिल की. बता दें कि देश के विकास में इस सेवा से और बल मिलेगा.

अन्य खबरे