Breaking News

मोदी सरकार में 13 वकील, छह डॉक्टर और पांच इंजीनियर भी होंगे शामिल

07 Jul, 2021 698

संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के बहुप्रतीक्षित विस्तार एवं पुनर्गठन के पहले मंत्री पद की शपथ के लिए आमंत्रित 20 से अधिक नेताओं से अपने निवास पर मुलाक़ात की। सात लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री निवास पर आयोजित इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद थे। जिन नेताओं ने प्रधानमंत्री ने मुलाकात की उनमें से नए चेहरों में ज्योतिरादित्य सिंधिया, सर्वानंद सोनोवाल, भूपेन्द्र यादव, आरसीपी सिंह, अजय भट्ट, पशुपति पारस, नारायण राणे, अनिल बलूनी, श्रीमती मीनाक्षी लेखी, सुश्री शोभा करांडलजे, सुश्री अनुप्रिया पटेल, सुश्री हिना गावित, सुश्री प्रीतम मुंडे, कपिल पाटिल, शांतनु ठाकुर, बी एल वर्मा, अजय मिश्रा, श्रीमती सुनीता दुग्गल, भागवत कराड और भारती पवार शामिल हैं। मंत्रिपरिषद में राज्य मंत्री सर्वश्री अनुराग ठाकुर, जी किशन रेड्डी और पुरुषोत्तम रुपाला को पदाेन्नत किया जा सकता है। इन तीनों को भी प्रधानमंत्री निवास बुलाया गया है। सूत्रों के अनुसार नए मंत्रियों की सूची में वरुण गांधी का नाम भी चर्चा में था लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री निवास पर नहीं देखा गया। आज शाम मंत्रिमंडल का विस्तार होना है। सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी की नई कैबिनेट में चार पूर्व मुख्यमंत्रियों को जगह मिलने वाली है। कैबिनेट में 13 वकील, छह डॉक्टर, पांच इंजीनियर्स होंगे। कैबिनेट में युवाओं को जगह देने की कोशिश की गई है। 14 मंत्री ऐसे होंगे जिनकी उम्र 50 साल से नीचे होगी। मोदी की नई कैबिनेट में चार पूर्व मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ 18 पूर्व राज्य मंत्री होंगे। 39 पूर्व विधायकों को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। 23 ऐसे सांसद भी हैं जो तीन या उससे ज्यादा बार जीतकर आए हैं। बता दें कि इससे पहले मोदी सरकार ने आठ राज्यपालों को भी बदलने का काम कर दिया है।  

अन्य खबरे