Breaking News

लद्दाख में पकड़े गए चीनी सैनिक को सेना करेगी वापस

20 Oct, 2020 719

संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारत और चीन के बीच तनाव के बीच चीनी सैनिक को पकड़ा गया है. भारतीय सेना ने कल लद्दाख से एक चीनी सैनिक को पकड़ा था. खबरों के मुताबिक सुरक्षा बलों ने लद्दाख में सीमा के पास जिस चीनी सैनिक को पकड़ा था, वह चुमार-डेमचोक इलाके से पकड़ा गया. सूत्रों के हवाले से बताया कि हो सकता है कि चीनी सैनिक अनजाने में भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया हो. सूत्रों के अनुसार, चीनी सैनिक के साथ तय प्रोटोकॉल के तहत जरूरी कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद उसे चीनी सेना को वापस लौटाया जा सकता है. चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी का यह सैनिक है. इसके पास नागरिक और सैन्य दस्तावेज मिले हैं. भारतीय सेना ने इस बाबत एक प्रेस रिलीज जारी किया था. इसमें बताया गया कि चीनी सैनिक का नाम वांग या लोंग है. उसे पूर्वी लद्दाख के डेमचोक के पास से पकड़ा गया है. चीनी सैनिक ने भटककर वास्तविक नियंत्रण रेखा पार कर दिया था और भारतीय सीमा में घुस आया था. भारतीय सेना के मुताबिक चीनी सैनिक को ठंडे मौसम से बचाने के लिए गर्म कपड़े दिए गए. इसके अलावा मेडिकल मदद के साथ साथ खाना-पीना भी दिया गया. चीनी सेना की ओर से अपने लापता सैनिक को लेकर एक अनुरोध भी किया गया है. भारतीय सेना के अनुसार, सैनिक को चुशूल मोलडो मीटिंग पॉइंट पर औपचारिकताएं पूरा करने के बाद वापस सौंप दिया जाएगा. चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, पीएलए सैनिक एक चरवाहे की मदद के दौरान गलती से रविवार की रात सीमा के पार चला गया था. चीन को जैसे ही इसकी जानकारी हुई चीन ने भारत को तत्काल इसकी सूचना दी. ग्लोबल टाइम्स का दावा है कि भारत चीनी सैनिक को ढूंढ़ने और वापस भेजने को राजी हो गया है. यह भारत की तरफ से की गई एक ऐसी पहल है जिससे चीन को समझना चाहिए कि भारत किस कदर सैनिक को सही सलामत भेजना चाहता है.  

अन्य खबरे