Breaking News

लॉकडाउन में 20 करोड़ लोगों को मुफ्त दाल देगी सरकार

30 Apr, 2020 903

संवाददाता/in24 न्यूज़।
लॉकडाउन में फंसे होने के कारण गरीबों का खस्ता हाल देखकर मोदी सरकार 20 करोड़ लोगों को मुफ्त में दाल देगी. कोरोना वायरस को रोकने के लिए लगाए गए देशव्यापी लॉकडाउन के बीच मोदी सरकार ने गरीबों की सुविधाओं को देखते हुए सरकारी खजाना खोल दिया है. अब मोदी सरकार देशभर में 20 करोड़ गरीबों को मुफ्त दाल उपलब्ध कराएगी. केंद्र सरकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीबों को दाल बांटेगी. केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि 20 करोड़ लाभार्थियों को तीन माह तक एक किलो दाल प्रति परिवार वितरित की जाएगी. जिसके लिए 5.88 लाख टन दाल का आवंटन किया गया है. केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने एक ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि 28 अप्रैल तक नेफेड ने 1.14 लाख मैट्रिक टन दाल भेजी है. इसमें से 83.167 टन राज्यों के पास पहुंच गई है. इसके साथ ओपन मार्केट योजना के तहत भारतीय खाद्य निगम ने लॉकडाउन से अब तक 4.37 लाख टन गेंहू और 5.03 लाख टन चावल मुहैया करवाया है. बता दें कि लॉकडाउन में राहत केंद्र और लंगर चला रहे एनजीओ और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी मोदी सरकार ने अब तक 21 रुपए की दर से 161 टन गेंहू और 22 रुपए प्रतिकिलो की दर 2,680 टन चावल उपलब्ध कराया है. पासवान ने कहा कि 28 अप्रैल को एफसीआई ने 57 रेल रैक के जरिए 1.59 लाख मैट्रिक टन खाद्यान्न लोड किया गया है.

अन्य खबरे