विधिवत पूजा, हवन के साथ होगी नए संसद भवन के उद्घाटन की शुरुआत
संवाददाता/in24 न्यूज़.
सियासी घमासान के बीच 28 मई को नए संसद भवन (new parliament building) का उद्घाटन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) संसद के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। विपक्षी दलों के नेता नई संसद का उद्घाटन राष्ट्रपति से करवाने की मांग कर रहे हैं और यह मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गया है, जिस पर आज सुनवाई होगी। वहीं खबर के मुताबिक़ उद्घाटन कार्यक्रम की शुरुआत विशेष पूजा और हवन के साथ होगी और इसका समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समापन भाषण के साथ होने की संभावना है। खबर के मुताबिक संसद के नए भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम रविवार को सुबह साढ़े सात बजे के लगभग शुरू होने की संभावना है। वैदिक रीति से विशेष पूजा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। यह विशेष पूजा लगभग डेढ़ घंटे तक चलने की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस विशेष पूजा के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश के भी मौजूद रहने की संभावना है। पूजा और मंत्रोच्चार के दौरान तमिलनाडु के विभिन्न मठों से आए 20 स्वामी और विशेष पुजारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पवित्र सेंगोल सौंपेंगे, जिसे नौ बजे के लगभग लोक सभा अध्यक्ष के आसन के समीप स्थापित किया जाएगा। इसके बाद उद्घाटन के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किए गए विशिष्ट अतिथि और सांसद नए संसद भवन के अंदर बने लोकसभा के कक्ष में पहुंचेंगे। यह समारोह दोपहर 12 बजे के बाद ही शुरू होने की संभावना है। नए संसद भवन के उद्घाटन के इस मुख्य समारोह के लिए पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा के पूर्व अध्यक्षों के साथ-साथ अन्य कई नेताओं को भी विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। बता दें कि अनेक नेताओं ने जहां बहिष्कार की बात की है, वहीँ महिला खाप पंचायत भी पहलवान बेटियों की हक़ मांगने वहां उपस्थित होगी।