सरदार पटेल की 146वीं जयंती आज
संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज पूरा देश सरदार वल्लभभाई पटेल की 146वीं जयंती मना रहा है। इस बार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस मौके पर गुजरात में सरदार सरोवर बांध में स्थित स्टैचू ऑफ यूनिटी पर कई प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार सुबह स्टैचू ऑफ यूनिटी पहुंच कर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि दी। साथ ही वह स्टैचू ऑफ यूनिटी पर आयोजित एकता परेड में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने स्टैचू ऑफ यूनिटी पर पुष्प चढ़ाकर पटेल को श्रद्धांजलि दी। शाह मुख्य अतिथि के रूप में गुजरात के केवड़िया में होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में पहुंचे। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मातृभूमि के लिए सरदार साहब का समर्पण, निष्ठा, संघर्ष और त्याग हर भारतवासी को देश की एकता व अखंडता के लिए खुद को समर्पित करने की प्रेरणा देता है। अखंड भारत के ऐसे महान शिल्पी की जयंती पर उनके चरणों में वंदन व समस्त देशवासियों को 'राष्ट्रीय एकता दिवस' की शुभकामनाएं. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें बताता है कि कैसे एक व्यक्ति अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, लौह नेतृत्व और अदम्य राष्ट्रप्रेम से देश के भीतर की सभी विविधताओं को एकता में बदल कर एक अखंड राष्ट्र का स्वरूप दे सकता है। सरदार साहब ने देश के एकीकरण के साथ आजाद भारत की प्रशासनिक नींव रखने का भी काम किया। गौरतलब है कि इनदिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए इटली गए हैं। ऐसे में इनकी अनुपस्थिति में समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्डेड वीडियो संदेश भी चलाया जाएगा. समारोह के दौरान एकता परेड आयोजित किया गया. जिसके लिए देश भर के पुलिस जवानों को केवड़िया में आमंत्रित किया गया है. इस समारोह में सीमा सुरक्षा बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान भी एकता परेड में शामिल हुए और कार्यक्रम स्थल पर साहसिक करतब दिखाए। उल्लेखनीय है कि देश के कई हिस्सों से आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ और बीएसएफ के 75 साइकिलिस्ट 9 हजार किमी की यात्रा पूरी कर रविवार को यहां पहुंचे। इसके अलावा त्रिपुरा, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर और गुजरात के 101 पुलिसकर्मी 9200 किमी की मोटर साइकिल से यात्रा करके इस समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। लौह पुरुष सरदार पटेल को देश की तरफ से शत शत नमन।