सुप्रीम कोर्ट के चार जज भी कोरोना की चपेट में
संवाददाता/in24 न्यूज़.
वैश्विक महामारी कोरोना अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के चार जज कोरोना संक्रमित हो गए हैं। शुक्रवार से ही सुप्रीम कोर्ट के सभी जज घर से काम कर रहे हैं। कोर्ट में इस समय सिर्फ जरूरी मामलों की सुनवाई ही हो रही है। ये सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हो रही है। सुप्रीम कोर्ट में सभी कर्मियों का कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि रजिस्ट्री के करीब 150 कर्मी या तो क्वारंटाइन हैं या फिर वे कोरोना संक्रमित हो गए हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुरुवार को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमण ने चार सीनियर जजों के साथ बैठक की थी। बताया गया कि इस बैठक में फैसला लिया गया था कि अब जज अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये मामलों की सुनवाई करेंगे। सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी किए गए सर्कुलर में कहा गया था कि 7 जनवरी, 2022 (शुक्रवार) से सभी मामलों की सुनवाई ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। यह भी कहा गया था कि बेंच आवासीय कार्यालयों में बैठेंगी। सर्कुलर के मुताबिक सिर्फ अति आवश्यक ‘मेंशन’ मामले, ताजा मामले, जमानत मामले, स्टे से जुड़े मामले, नजरबंदी के मामले और निश्चित तारीख के मामले अदालत के सामने 10 जनवरी से अगले आदेश तक सूचीबद्ध किए जाएंगे। वहीं दूसरी ओर संसद भवन में काम करने वाले 400 से ज्यादा कर्मी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 6 और 7 जनवरी को संसद में काम करने वाले स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों का कोरोना टेस्ट हुआ था। बता दें कि कोरोना के खौफ का कहर जारी है।