इमरान हाश्मी ने लगाई लंबी छलांग, साउथ की फिल्मों में आएंगे नजर
संवाददाता/in24न्यूज़
फिल्म फुटपाथ से करियर शुरू करने वाले इमरान हाशमी ने अब एक लंबी छलांग लगाई है और इस साल वह साउथ में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. निर्देशक सुजीत की गैंगस्टर ड्रामा ओजी में इमरान हाशमी मुख्य विलेन के रूप में नजर आने वाले हैं. इमरान हाशमी की कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, लेकिन अब इमरान की किस्मत चमकने वाली है. क्युकी तेलुगू सिनेमा के पावर स्टार कहे जाने वाले पवन कल्याण जल्द ही पैन इंडिया फिल्म लेकर आ रहे हैं. उनकी फिल्म 'ओ जी' (ऑरिजिनल गैंगस्टर) को लेकर काफी तगड़ा माहौल बन रहा है. बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी 'ओ जी' से अपना साउथ डेब्यू करने जा रहे हैं. इमरान के अपने करियर के लिए ये फिल्म बहुत बड़ी कामयाबी लेकर आ सकती है. पवन कल्याण स्टारर 'ओ जी' के मेकर्स डीवीवी एंटरटेनमेंट हैं, जिन्होंने ऑस्कर जीतने वाली फिल्म आरआरआर प्रोड्यूस की थी. अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से, फिल्म में इमरान की एंट्री कन्फर्म करते हुए मेकर्स ने लिखा, 'जब हमारे पास 'ओ जी' है, तो हमारे पास एक ऐसा विलेन भी होना चाहिए जो पावरफुल हो. पेश हैं आप सबके सामने, दुश्मन इमरान हाशमी! आपको बता दे 'ओ जी' एक पैन इंडिया फिल्म है और यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम में भी रिलीज होगी. तेलुगु की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिनी जा रही ओजी में पवन कल्याण और प्रियंका मोहन लीड रोल निभा रहे हैं. फिल्म की शूटिंग की बात करे तो फिल्म का तीसरा शेड्यूल फिलहाल हैदराबाद में चल रहा है. तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत पर इमरान ने कहा कि मैं ओजी के साथ इस नए सफर को शुरू करते हुए बहुत उत्साहित हूं. फिल्म की स्क्रिप्ट मजबूत और मनोरंजक है. मेरा रोल इसमें काफी चैलेंजिंग है. ऐसे रोल का मैं लंबे समय से इंतजार कर रहा था.इमरान ने कहा कि वह साउथ के एक्टरों के साथ काम करते हुए बहुत उत्साहित हैं. जो उनके लिए अलग और यादगार सिनेमाई अनुभव साबित होगा. फिल्म में अर्जुन दास, श्रीया रेड्डी और प्रकाश राज भी मुख्य भूमिकाओं में हैं.