अभी-अभी हमारी सरकार बनी है, अभी तो जेबें गर्म करना बाकी है : यशोमति ठाकुर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लोकतंत्र में हर किसी को अभिव्यक्ति की आज़ादी प्राप्त है. मगर महाराष्ट्र की नवोदित सरकार में कांग्रेस की मंत्री यशोमति ठाकुर ने अपने बयान से ऐसा सन्देश दिया है, जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी. महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री और कांग्रेस नेता यशोमति ठाकुर ने एक विवादि बयान में कहा कि अभी-अभी हमारी सरकार बनी है, अभी तो जेबें गर्म करना बाकी है. यशोमति ठाकुर अपने इस बयान से विवादों में घिर गई है. हालांकि अभी तक उद्धव सरकार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. शनिवार को स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांगने के दौरान महाराष्ट्र सरकार की मंत्री यशोमति ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार अब तक सत्ता में नहीं थी. लेकिन अब आ गई है. अब मैंने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है. हमें अपनी जेबें भरनी बाकी हैं. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि जो लोग विपक्ष में हैं उनकी जेबें काफी गहरी हैं. अगर वे आपके पास आएं और अपनी जेब में से कुछ हिस्सा दें तो उसे मना मत कीजिए. घर आई लक्ष्मी को कौन मना करता है, लेकिन वोट सिर्फ कांग्रेस को ही दीजिए. बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन वाली सरकार है. उद्धव ठाकरे सत्ता की कमान संभाल रहे हैं. वहीं अजित पवार को उपमुख्यमंत्री पद मिला है.