करीम लाला और इंदिरा गांधी पर बयान देने के बाद बवाल, संजय राउत ने मांगी माफ़ी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
करीम लाला और इंदिरा गांधी पर शिवसेना सांसद संजय राऊत द्वारा विवादित बयान देने के बाद राजनितिक हलकों में हड़कंप मच गया. उसके बाद संजय राऊत ने माफ़ी मांगी है. गौरतलब है कि शिवसेना सांसद संजय राउत ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला से मुलाकात की बात कही थी. अब उन्हें इस बयान पर माफी मांगनी पड़ी है. शिवसेना सांसद ने कहा कि अगर उनके बयान से किसी का भी दिल आहत हुआ है तो वह माफी मांगते हैं. संजय राउत ने कहा कि वह हमेशा कांग्रेस के नेताओं का समर्थन करते हैं. उन्होंने हमेशा इंदिरा गांधी, पंडित नेहरू, राजीव गांधी और गांधी परिवार के प्रति सम्मान दिखाया है. विपक्ष में होने के बावजूद उन्होंने इन नेताओं के प्रति सम्मान दिखाया, ऐसा किसी ने नहीं किया. उन्होंने कहा कि जब भी लोगों ने इंदिरा गांधी पर निशाना साधा, वह उनके लिए खड़े रहे. गौरतलब है कि एक कार्यक्रम में संजय राउत ने दावा किया था कि इंदिरा गांधी ने अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला से मुम्बई में मुलाकात की थीं. करीम लाला, मस्तान मिर्जा उर्फ हाजी मस्तान और वरदराजन मुदलियार मुम्बई के बड़े माफिया सरगना थे. वह 1960 से लेकर 1980 के दशक तक सक्रिय रहे.