झूठ से चुनावों को प्रभावित नहीं किया जा सकता : जेटली
संवाददाता/in24 न्यूज़.
लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र बयानबाजी का जबरदस्त दौर चल रहा है. गौरतलब है कि केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कांग्रेस पर झूठी और फर्जी फोटोकॉपियों को बी एस येदियुरप्पा की डायरी बताने का आरोप लगाते हुए कहा कि झूठ और फर्जीवाड़ा चुनावों को प्रभावित नहीं कर सकते क्योंकि मतदाता नेताओं से ज्यादा बुद्धिमान होते हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार को मीडिया में आई उस खबर की लोकपाल से जांच कराने की मांग की थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने भाजपा के शीर्ष नेताओं को 1800 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी। आरोप येदियुरप्पा की उस कथित डायरी की फोटोकॉपी पर आधारित हैं जो कर विभाग को सौंपी गई है। जेटली ने कहा कि कांग्रेस द्वारा तैयार और मुहैया फर्जी फोटोकॉपियां येदियुरप्पा की डायरी के रूप में पेश की गईं। जेटली ने कहा कि झूठ और जालसाजी किसी चुनाव को कभी प्रभावित नहीं कर सकती। मतदाता नेताओं से ज्यादा बुद्धिमान होते हैं, वे उनसे भी ज्यादा बुद्धिमान हैं जो झूठ और फर्जीवाड़ों के कारवां पर सवार हैं।