Breaking News

पीएम मोदी ने बीजेडी और कांग्रेस पर बोला हमला

06 Apr, 2019 1118

संवाददाता/in24 न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ में एक चुनावी सभा के दौरान सूबे की बीजेडी और कांग्रेस पर चुन-चुनकर हमला बोला। सूबे की नवीन पटनायक सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा कि ओडिशा में सबकुछ है, संपदा है, संसाधन है लेकिन बीजेडी की नीति और नीयत ठीक नहीं है। उन्होंने पटनायक सरकार पर ओडिशा के विकास की राह में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि ओडिशा में कमल खिलना तय है, यह यहां की जनता ने तय किया है। कोई 5 साल पहले यह कल्पना भी नहीं कर सकता था कि यहां बीजेपी का डंका बजेगा। कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश का चौकीदार आतंकी ठिकानों पर स्ट्राइक करता है लेकिन दूसरी तरफ कांग्रेस जवानों के विशेष अधिकार छीनने में जुटी है। बीजेपी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आज ही बीजेपी का स्थापना दिवस भी है। 39 वर्ष पहले आज ही के दिन सबसे बड़े राजनीतिक संगठन यानी हम सबके दिलों में बसी बीजेपी का गठन हुआ था। बीजेपी इसलिए विशेष है कि यह पार्टी न दलबदल से बनी है न बाहुबल से बनी है और न ही बाहर से उधार ली गई किसी विचारधारा से बनी है। भारत की मिट्टी की सुगंध के साथ उपजी है। भारत की सभ्यता और संस्कृति में रची-बसी है। हम परिवार पर आधारित नहीं हैं, न ही पैसों पर आधारित हैं। कई पार्टियां पैसे से बनी हैं, यह पार्टी कार्यकर्ताओं के पसीने से बनी है।' 

अन्य खबरे