भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन
संवाददाता/in24 न्यूज़.
राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी (Santokh Singh Chowdhary) के निधन की खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, संतोख सिंह चौधरी राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा (bharat jodo yatra)में चल रहे थे. इसी दौरान उनकी तबीयत खराब हो गई. खबर के मुताबिक, कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी को शनिवार को पंजाब के फिल्लौर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ा. उसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. खबरों के मुताबिक, यात्रा के दौरान संतोख सिंह चौधरी गिर गए थे. कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह और विजय इंदर सिंगला ने उनके निधन की पुष्टि की है. संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद भारत जोड़ो यात्रा रोक दी गई और इसके बाद राहुल गांधी भी अस्पताल पहुंचे. बता दें कि संतोख सिंह चौधरी पंजाब कैबिनेट में मंत्री भी रहे. इसके साथ ही वह वर्तमान में जालंधर लोकसभा क्षेत्र से सांसद थे. उन्होंने लगातार दो बार 2014 और 2019 में लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला (Om Birla) ने भी कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि जालंधर से लोकसभा सांसद श्री संतोख सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं. सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन में जनहित के मुद्दों पर वे सदैव मुखर रहे. सदन में अनुशासन से अपनी बात रखना उनके व्यक्तित्व की खासियत थी. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं. बता दें कि राहुल गांधी की इस यात्रा में अनेक नेता पहले भी शामिल होते रहे हैं.