महाराष्ट्र के बाद अब शिवसेना की नज़र गोवा पर
संवाददाता/in24 न्यूज़.
महाराष्ट्र के बाद अब शिवसेना की नज़र गोवा पर है. इस संदर्भ में शिवसेना सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के बाद गोवा में भी कोई चमत्कार हो सकता है और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जल्द ही भूचाल का सामना करना पड़ सकता है. वहीं, गोवा में शासन कर रही भाजपा ने राउत के दावे को कपोल कल्पना कह कर खारिज कर दिया. राउत ने संवाददाताओं से कहा, "गोवा फॉरवर्ड पार्टी प्रमुख विजय सरदेसाई सहित करीब चार विधायक शिवसेना के संपर्क में हैं. कांग्रेस सहित कई पार्टियों के साथ मिलकर राज्य में हम एक अलग मोर्चा बनाने की योजना बना रहे हैं. हमें आशा है कि गोवा में जल्द ही कोई 'चमत्कार' होगा. शिवसेना के नेता का यह बयान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री पद संभालने के ठीक एक दिन बाद आया है. दिलचस्प बात यह है कि सरदेसाई ने बार-बार जोर देकर कहा है कि उनकी पार्टी गोवा में भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का विरोध करती है, लेकिन उनकी पार्टी अखिल भारतीय स्तर पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा बनी हुई है. इस साल मार्च में मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद प्रमोद सावंत के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के तुरंत बाद सरदेसाई को उपमुख्यमंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया था.