महाराष्ट्र में शिवसेना 126 सीटों पर और भाजपा 144 सीटों पर चुनाव लड़ेगी
संवाददाता/in24 न्यूज़.
भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना का गठबंधन महाराष्ट्र में कायम रहने वाला है, क्योंकी सीटों के बंटवारे को लेकर जो असमंजस की स्थिति थी, अब वह खत्म हो गई है. गौरतलब है कि शिवसेना 126 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी. इसके साथ ही शिवसेना ने उपमुख्यमंत्री पद के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर लिया है. अभी तक सीट बंटवारे की औपचरिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन बताया जा रहा है कि जल्द ही इसका ऐलान हो सकता है. वहीं बीजेपी 144 सीटों पर चुनाव लड़ेगी साथ ही अन्य सहयोगी दल कुल 18 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में 21 अक्टूबर को चुनाव होने हैं. 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे. भाजपा जहां इस चुनाव में बुलंद हौसले के साथ उतरेगी वहीं शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के सामने पिछले चुनाव के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी. इससे पहले गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में गुरुवार को एक बैठक बुलाई थी. सीट बंटवारे को लेकर चल रही तनातनी के बीच अमित शाह को अपना मुंबई दौरा तक रद्द करना पड़ा. शाह गुरुवार को मुंबई जाने वाले थे. सूत्रों के अनुसार यह भी खबर है कि शिवसेना ने भाजपा से उप मुख्यमंत्री की कुर्सी भी मांगी है, जिसे सीएम देवेंद्र फड़नवीस ने मान लिया है. ऐसे में यह समझा जा सकता है कि विधान सभा चुनाव में गठबंधन का असर महाराष्ट्र के मतदाताओं पर पड़ेगा। आख़िरी परिणाम 24 अक्टूबर को सामने आ ही जायेगा.