मुंबई : BJP विधायक के खिलाफ लगाए गए भड़काऊ पोस्टर
05 Mar, 2022
219
संवाददाता/ in24 न्यूज़
मुंबई के कांदिवली विधानसभा क्षेत्र की जहां अलग-अलग सेंटर पॉइंट पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक अतुल भातखलकर के खिलाफ भड़काऊ पोस्टर लगाए गए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया. अपनी पार्टी के विधायक के बारे में गलत पोस्टर देख भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे और उन्होंने दिंडोशी पुलिस स्टेशन के बाहर ही आंदोलन शुरू कर दिया। इस दौरान आंदोलनकारी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दिंडोशी पुलिस से विवादित पोस्टर लगाने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की. भारतीय जनता पार्टी के नेता विनोद शेलार और उत्तर मुंबई बीजेपी सचिव सिद्धार्थ शर्मा की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पुलिस स्टेशन के बाहर जमे रहे. स्थिति विकट होता देख दिंडोशी पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया, जो आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता बताया जा रहा है अब उसने यह विवादित पोस्टर क्यों लगाए, इसके पीछे उसका मंसूबा क्या था, इन तमाम पहलुओं की जांच दिंडोशी पुलिस कर रही है. आपको बता दें कि सड़क के किनारे अलग-अलग हिस्सों में भारतीय जनता पार्टी के विधायक अतुल भातखलकर के खिलाफ जो पोस्टर लगाए गए उनमें उन्हें गद्दार कहा गया और यही पोस्टर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के गुस्से का कारण बन गया. शिकायतकर्ता सिद्धार्थ शर्मा ने दिंडोशी पुलिस को बताया कि आम आदमी पार्टी से जुड़े आनंद अल्हट नाम के पार्टी पदाधिकारी ने सोशल मीडिया पर गद्दार वाले पोस्टर को वायरल किया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत आनंद अल्हत को हिरासत में लिया है. फिलहाल दिंडोशी पुलिस ने तमाम पोस्टर्स हटवा लिया है और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.