Breaking News

शरद पवार जी तुस्सी ग्रेट हो : सिंघवी

23 Nov, 2019 1012

संवाददाता/in24 न्यूज़.
महाराष्ट्र में जिस तरीके से अचानक बीजेपी और एनसीपी की सरकार बनी उसे कांग्रेस हतप्रभ है. कांग्रेस ने शरद पवार को कहा है कि तुस्सी ग्रेट हो! गौरतलब है की महाराष्‍ट्र में सरकार बनाने को लेकर शनिवार को राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल गया है. शनिवार को एनसीपी नेता अजित पवार के बीजेपी का साथ देने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने फिर महाराष्ट्र के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली है. इस पर कांग्रेस ने एनसीपी पर हमला बोला है. कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर निशाना साधते हुए कहा, मैंने महाराष्‍ट्र के बारे में पढ़ा है. मैंने सोचा कि यह फेक न्‍यूज है. पवार जी तुस्‍सी ग्रेट हो. अगर सच है तो यह अमेजिंग है, हालांकि मैं अभी भी इस बारे में पक्‍का नहीं हूं. बता दें कि एनसीपी के नेता अजित पवार ने बीजेपी का साथ दिया है. देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार सुबह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर एक बार फिर से शपथ ले ली है. राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उन्हें शपथ दिलवाई. साथ ही अजित पवार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली.
हालांकि अभी यह साफ नहीं हो सका है कि एनसीपी का समर्थन बीजेपी को है या नहीं. वहीं सूत्र बता रहे हैं कि एनसीपी के सिर्फ 25 से 30 विधायकों को लेकर अजित पवार सरकार बनाने आए हैं. वहीं एनसीपी प्रमुख शरद पवार का कहना है कि अजित पवार का बीजेपी को साथ देने का फैसला पार्टी का निर्णय नहीं है, बल्कि यह उनका खुद का निर्णय है. हम इस फैसले को सपोर्ट नहीं करते. मेरा इस मामले में कोई लेना देना नहीं है.

अन्य खबरे