सेवा दिवस के रूप में राहुल का 51वां जन्मदिन

 19 Jun 2021  587

संवाददाता/in24 न्यूज़.
आज कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आज 51वां जन्मदिन है। कांग्रेस अपने नेता का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मना रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोरोना वायरस महामारी की वजह से पैदा हुए हालातों के मद्देनजर इस साल जन्मदिन मनाने का फैसला नहीं लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 19 जून को उनके जन्मदिन के मौके पर किसी तरह के जश्न का आयोजन नहीं करें. कोई होर्डिंग या पोस्टर न लगाएं, बल्कि अपने पास उपलब्ध संसाधन का इस्तेमाल जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए करें। कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटियों से कहा कि वे राहुल गांधी के जन्मदिन पर जरूरतमंद लोगों के बीच राशन, मेडिकल किट, मास्क और सैनेटाइजर बांटें। वहीं भारतीय युवा कांग्रेस ने कहा कि वह राहुल गांधी के जन्मदिन पर कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की सहायता करेगी, जरूरतमंदों को राशन मुहैया कराएगी और आम लोगों को टीका लगवाने में भी मदद करेगी। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ और भारतीय युवा कांग्रेस ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर यानी आज लोगों के लिए अपने दफ्तर में मुफ्त कोविड-19 टीकाकरण अभियान आयोजित करने की योजना बनाई है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन का कहना है कि 'हमारे नेता राहुल गांधी का मानना है कि कोविड को फैलाने के बजाय हमें टीका लगवाना चाहिए। ताकि वायरस न फैले। महामारी के बीच लोगों की सुरक्षा के लिए टीकाकरण सबसे अच्छा संभव तरीका है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी है और उनकी सेहत और लंबी उम्र की कामना की है। बता दें कि राहुल गांधी लगातार कोशिशों के बावजूद कांग्रेस का जनाधार बढ़ाने में कामयाब नहीं हो पाए।