कांग्रेस में उठी पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग

 16 Dec 2020  420

संवाददाता/in24 न्यूज़.
कांग्रेस के जनाधार लगातार घटता हुआ देखा जा रहा है. सबसे बड़ी बात है कि अध्यक्ष पद को लेकर अबतक नई तस्वीर साफ़ नहीं हो पाई है, अब उम्मीद जताई जा रही है कि साल 2021 में कांग्रेस को नया मुखिया मिल सकता है. बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार और आने वाले इलेक्शन को देखते हुए कांग्रेस पार्टी में एक बार फिर अध्यक्ष पद की नियुक्ति को लेकर बहस तेज हो गई है। लोकसभा चुनाव 2019 में मिली हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से सोनिया गांधी पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष हैं। खबर है कि अब तमाम कांग्रेसी नेता एक पूर्णकालिक पार्टी अध्यक्ष की मांग कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अगले साल अप्रैल तक पार्टी अपना नया अध्यक्ष चुन सकती है। इस वजह से कांग्रेस ने संगठनात्मक चुनावों को फिलहाल रोक दिया है। सोनिया गांधी की तबीयत और राजनीति में घटती सक्रियता को देखते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्णकालिक अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। लोगों के मन में यह सवाल जरूर उठता है कि अगर सोनिया और राहुल इस पद पर नहीं रहना चाहते तो आखिर कौन होगा कांग्रेस का नया अध्यक्ष। क्या गैर कांग्रेसी नेता पार्टी को एकजुट कर पाएगा। इस तरह के तमाम सवाल हैं जो राजनीतिक गलियारे में अक्सर सुनने को मिलते हैं। कांग्रेस को करीब से कवर करने वाले पत्रकार मानते हैं कि प्रियंका गांधी वाड्रा इस पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हो सकती हैं। प्रियंका गांधी के अध्यक्ष बनने से पार्टी में बगावत की संभावना तो कम होगी ही साथ ही बागडोर भी गांधी परिवार के पास रहेगी, जो जरूरी है। हालांकि कई मौकों पर खुद प्रियंका ने गैर गांधी परिवार के अध्यक्ष उम्मीदवार की पैरवी की है। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि प्रियंका उम्मीदवार बनेंगी या नहीं। हालांकि आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष चुनाव को लेकर कांग्रेस की तरफ से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। अगस्त महीने में हुई कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में सोनिया गांधी के इस्तीफे की पेशकश पर कई नेताओं ने उसने इस पद पर बने रहने की अपील की थी या फिर राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंपने का आग्रह किया था। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद समेत 23 नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी में सामूहिक नेतृत्व की जरूरत पर जोर देते हुए कहा था कि कांग्रेस को पूर्णकालिक अध्यक्ष मिलना चाहिए जो जमीन पर सक्रिय हो तथा कांग्रेस मुख्यालय एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के मुख्यालय में भी उपलब्ध हो। फिलहाल कांग्रेस पार्टी में ही इस मुद्दे पर दो राय बनती नजर आ रही है। कई वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी या राहुल गांधी से ही इस पद पर बने रहने की अपील कर रहे हैं तो कई नेताओं ने गैर गांधी परिवार से किसी नेता को अध्यक्ष बनाने की बात कही है। बता दें कि लम्बे समय से कांग्रेस का एक गुट प्रियंका के अध्यक्ष बनाये जाने की मांग करता रहा है. सोनिया और राहुल के बाद यदि प्रियंका को वाकई अध्यक्ष बनाया जाता है तो इतना तय है कि युवाओं में एक नया जोश देखने को मिलेगा.