कांग्रेस सांसद पर अपनी ही पार्टी की महिला MP को थप्पड़ मारने का आरोप
कांग्रेस पार्टी की 'वोट बचाओ देश बचाओ' रैली के दौरान दिल्ली जा रही सांसदों की बस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
रामलीला मैदान जा रही बस में रामटेक से कांग्रेस सांसद श्याम कुमार बर्वे द्वारा चंद्रपुर की महिला सांसद प्रतिभा धानोरकर को कथित तौर पर थप्पड़ मारने की घटना को लेकर पार्टी के ही कुछ पदाधिकारियों ने आलाकमान को पत्र लिखा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और केसी वेणुगोपाल को भेजे गए ई-मेल में शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि जनप्रतिनिधि का ऐसा बर्ताव पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए इस पर तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। दूसरी ओर, विवाद गहराने के बाद खुद महिला सांसद प्रतिभा धानोरकर ने पूरे मामले को खारिज करते हुए मीडिया को स्पष्ट किया है कि सांसदों के बीच केवल हंसी-मजाक और मस्ती चल रही थी और इस घटना का गलत मतलब निकालकर तूल नहीं दिया जाना चाहिए।
इसके बावजूद, वायरल वीडियो और आलाकमान तक पहुंची इस शिकायत के बाद अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मामले पर क्या कदम उठाता है।