एयर इंडिया विमान हादसे में युवा क्रिकेटर दीर्ध पटेल की मौत, इंग्लैंड जा रहे थे खेलने; क्लब और लीग ने दी श्रद्धांजलि
12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 (Boeing 787-8 Dreamliner) टेक-ऑफ के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान अहमदाबाद स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज और सिविल हॉस्पिटल के हॉस्टल भवन पर गिरा। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 241 यात्रियों सहित कुल 275 लोगों की जान चली गई।
इस हादसे में इंग्लैंड में क्रिकेट खेलने वाले युवा भारतीय खिलाड़ी दीर्ध पटेल भी शामिल थे। मात्र 23 वर्ष की उम्र में दीर्ध का जीवन इस हादसे में खत्म हो गया। वह इंग्लैंड के लीड्स मॉडर्नियन्स क्रिकेट क्लब से जुड़े थे और हाल ही में हडर्सफ़ील्ड यूनिवर्सिटी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में पढ़ाई पूरी की थी।
क्लब और क्रिकेट समुदाय में शोक की लहर
लीड्स मॉडर्नियन्स क्लब ने दीर्ध की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। क्लब ने बयान में कहा, "हम सभी दीर्ध की खबर से बेहद व्यथित हैं। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और उन सभी के साथ हैं जिन्होंने उन्हें जाना और पसंद किया।"