Breaking News

पश्चिम बंगाल में टीएमसीपी और एसएफआई के छात्र गुटों में हुई जमकर मारपीट

23 Dec, 2021 638

संवाददाता/ in24 न्यूज़

 
पश्चिम बंगाल (west bengal) के हुगली जिले में स्थित राजा प्यारेमोहन कॉलेज परिसर उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया जब टीएमसीपी (tmcp) और एसएफआई (sfi) के छात्र एक दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे बरसाते हुए भिड़ गए। दोनों गुटों में जमकर हुई मारपीट में करीब दर्जन भर से ज्यादा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। छात्रों के दो गुटों के बीच हो रही मारपीट की खबर मिलते ही उत्तरपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन फिर भी छात्र नहीं रुके, पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष एक दूसरे पर लाठी डंडे बरसाते नजर आये. हालांकि किसी तरह पुलिस ने बीच बचाव करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया और कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर उन्हें पुलिस स्टेशन पहुंचाया।
 
छात्रों को हिरासत में लिए जाने के बाद एसएफआई के छात्रों ने घंटो तक उत्तरपाड़ा थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया। लेकिन बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह ये मामला शांत हुआ. इस घटना के बाद से सियासी गलियारे में आरोप और प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है। एसएफआई हुगली जिला सदस्य और 'वामपंथी छात्र संगठन ' के नेता शुभम हेला ने बताया कि एसएफआई की तरफ से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरपाड़ा पुलिस स्टेशन से लेकर कॉलेज तक शांतिपूर्ण तरीके से एक जुलूस निकाला जा रहा था, तभी अचानक से टीएमसीपी छात्र संघ के छात्रों ने उन पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने गए कई छात्रों को गंभीर चोटें भी आई है जिसकी उत्तरपाड़ा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
 
 
वहीं राजा प्यारे मोहन कॉलेज के तृणमूल छात्र परिषद के यूनिट अध्यक्ष नेता सौत्रिक ने बताया कि कॉलेज में पाठ्यक्रम चल रहा था, तभी एसएफआई के तरफ से कुछ बाहरी तत्व अचानक कॉलेज में आए कुछ छात्रों को बंधक बना लिया और उन्होंने अचानक से टीएमसीपी के सदस्यों, छात्रों समेत कॉलेज के स्टाफ पर हमला बोल दिया। उनके द्वारा किये गए हमले में कई लोग घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तरपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज करवाकर इस घटना के जांच की मांग की जाएगी और दोषियों को चिन्हित कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत दंडित करने की भी मांग हम प्रशासन से करेंगे

अन्य खबरे