Breaking News

भरतपुर में बीजेपी सांसद पर जानलेवा हमला

10 Nov, 2021 799

संवाददाता/in24 न्यूज़।
आज के दौर में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे जनप्रतिनिधि पर भी हमला करने से बाज नहीं आते! भरतपुर जिले के बयाना कस्बा स्थित क्षेत्रीय भाजपा सांसद रंजीता कोली के निवास पर मंगलवार देर रात अज्ञात जनों ने तीन राउंड फायर किए। हमलावरों ने पत्थर फेंके और सांसद के घर के बाहर उनकी फोटो चिपकाकर उस पर क्रॉस का निशान लगा दिया। इसके साथ ही उनको जान से मारने की धमकी देने वाला पोस्टर भी चस्पा किया है। हमले से भयभीत सांसद कोली को परिजनों ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हमलावरों की जानकारी नहीं हो पाई है। मौके पर पहुंची पुलिस को तीन खाली कारतूस मिले हैं। हमलावरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस के अनुसार सांसद रंजीता कोली पर हमले की वारदात मंगलवार रात करीब 11.45 बजे बयाना स्थित उनके आवास पर हुई। बता दें कि रंजीता कोली के घर पर चिपकाए गए धमकी वाले पत्र में हमलावरों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए लिखा है कि यह तो केवल ट्रेलर है। अगली बार गोली अंदर होगी। हमलावरों ने सांसद को साफ चेतावनी दी है कि बचने के लिये जितना जोर लगाना है लगा लें। कोई बचाने नहीं आएगा। हमले की इस घटना के बाद बयाना कस्बे में हड़कंप मच गया। रंजीता कोली पहली बार भरतपुर की सांसद बनी हैं। उनका ताल्लुक भरतपुर के राजनीतिक परिवार से है। रंजीता के ससुर गंगाराम कोली दो बार भरतपुर के सांसद रह चुके हैं। रंजीता पर करीब पांच महीने पहले भी जानलेवा हमला हुआ था। उस समय सांसद अस्पतालों का निरीक्षण करके लौट रही थी। उस दौरान उन पर हमला किया गया था। मंगलवार को भी वे भरतपुर से जनसुनवाई कर अपने घर बयाना वापस लौटी थीं। पुलिस ने मौका मुआयना कर वहां से कारतूसों के खाली खोल जब्त किए हैं। वह सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सांसद पर छह माह में दो बार हुए हमले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा। ऐसे में समझा जा सकता है कि हमलावरों में किसी तरह का खौफ नहीं रहा।

अन्य खबरे