भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में जीता सिल्वर मेडल
09 Aug 2024
586

नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक की जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता। इस जीत के साथ ही वह लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बने। वहीं इस मुकाबले में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलंपिक में नया रिकॉर्ड कायम किया।
बता दें कि नीरज चोपड़ा का दूसरा थ्रो ही उनका एकमात्र वैध थ्रो था। जिसमें उन्होंने 89.45 मीटर फेंका जो इस सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। इसके अलावा उनके पांचों प्रयास असफल रहे। हालांकि इससे पहले उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता था।
वहीं बात यदि पाकिस्तान के एथलीट अरशद नदीम की करें तो उन्होंने एक नया ओलंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए दूसरा थ्रो 92.97 मीटर का लगाया। वहीं अपना छठा और आखिरी थ्रो 91.79 मीटर का लगाया। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान का 1992 बार्सीलोना ओलंपिक के बाद यह पहला ओलंपिक पदक है।
इस रिजल्ट के बाद नीरज चोपड़ा की माता की प्रतिक्रिया सामने आई। नीरज चोपड़ा की मां सरोज देवी ने कहा, "हम बहुत खुश हैं, हमारे लिए सिल्वर भी सोने के बराबर है। जो गोल्ड ले गया है वो भी हमारा लड़का है। हर खिलाड़ी का दिन होता है। वह चोटिल हो गया था, इसलिए हम उसके प्रदर्शन से खुश हैं। जब वो (नीरज चोपड़ा) आएगा तो उसका फेवरेट खाना बनाऊंगी।
वहीं प्रतियोगिता के बाद नीरज ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा, 'अच्छा थ्रो था लेकिन मैं आज अपने प्रदर्शन से उतना खुश नहीं हूं। मेरी तकनीक और रनवे उतने अच्छे नहीं थे। मैंने केवल एक थ्रो किया, बाकी को मैंने फाउल कर दिया।' उन्होंने कहा दूसरे थ्रो के लिए मुझे खुद पर विश्वास था कि मैं भी इतनी दूर फेंक सकता हूं। लेकिन भाला फेंक में अगर आपका रन अच्छा नहीं है, तो आप बहुत दूर नहीं फेंक सकते।'