शादी में मधुमक्खियों के हमले से मंडप छोड़कर भागे दूल्हा-दुल्हन

 01 Apr 2023  816

संवाददाता/in24 न्यूज़.
अचानक मधुमक्खियों के हमले के बाद एक शादी समारोह में ऐसी भगदड़ मची कि मंडप में शादी की रस्में रीति-रिवाज से चल रहीं थीं, लेकिन इसी बीच से दूल्हा-दुल्हन भाग खड़े हुए। बाराती भी कुछ समझ पाते इससे पहले उनपर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। फिर क्या था, बारातियों ने भी मंडप और टेंट छोड़कर दौड़ लगा दी। बता दें कि छत्तीसगढ़ में पत्थलगांव के किलकिलेश्वर धाम मंदिर परिसर में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान हवन के धुएं के कारण पेड़ में लगे मधुमक्खियों के छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड उड़ गया और दूल्हा-दुल्हन सहित बारातियों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के इस हमले से बाराती सहित दूल्हा-दुल्हन घायल हो गए। यहां का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें मंदिर में लगे मंडप और टेंट से बाराती भाग रहे हैं। मधुमक्खियों के इस हमले में कई बाराती भी घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक मंदिर में चल रहे शादी समारोह के दौरान पास में ही लगे मधुमक्खियों के छत्ते तक हवन का धुआं पहुंचने से मधुमक्खियां उड़ गईं और दूल्हा-दुल्हन सहित बारातियों पर हमला कर दिया। दूल्हा-दुल्हन मंडप छोड़कर भाग खड़े हुए, वहीं बारातियों में अफरा-तफरी मच गई। कई बाराती घायल हुए हैं। इस घटना की जमकर चर्चा हो रही है।